MS धोनी सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि एक इमोशन हैं, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के करोड़ों फैंस के लिए वह एक अलग अहमियत रखते हैं। 43 साल की उम्र में जब अधिकतर खिलाड़ी क्रिकेट से संन्यास लेने की तैयारी करते हैं, ऐसे वक्त में धोनी अब भी मैदान पर डटे हुए हैं। हालांकि, IPL 2025 CSK के लिए कुछ खास नहीं रहा और टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है, क्या यह MSD का आखिरी सीजन साबित होगा?
धोनी के फ्यूचर को लेकर अटकलें तेज
धोनी की कप्तानी में CSK ने पांच बार खिताब अपने नाम किया है, लेकिन इस बार टीम की रफ्तार धीमी रही। खुद धोनी भी बल्ले से कुछ कमाल नहीं कर सके, बाकी टीम के अन्य खिलाड़ी भी फिसड्डी साबित हुए। जिसके चलते टीम में धोनी की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे।
हालांकि, ‘थाला’ के फैंस के बीच उनका क्रेज अभी भी कम नहीं हुआ है। सोशल मीडिया से लेकर स्टेडियम के हर कोने तक, बस एक ही चर्चा है, क्या धोनी अगली बार फिर से पीली जर्सी में दिखेंगे?
रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
इस बीच एक रिपोर्ट ने CSK और धोनी फैंस के बीच उम्मीद की नई किरण जगा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रेंचाइजी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि धोनी अभी पूरी तरह से क्रिकेट को अलविदा कहने के मूड में नहीं हैं। टीम के अंदर धोनी की अनुभव और नेतृत्व क्षमता को अब भी बेहद अहम माना जा रहा है।
ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि धोनी IPL 2026 में भी खेल सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह न केवल चेन्नई के लिए बड़ी राहत होगी, बल्कि करोड़ों फैंस के लिए एक जश्न से कम नहीं। भले ही CSK का इस बार का अभियान थम चुका है, लेकिन फैंस की नजरें अब टीम के प्रदर्शन पर नहीं, बल्कि धोनी के फैसले पर टिकी हैं।