गुरुवार को IPL 2025 का 33वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद के टॉप आर्डर बल्लेबाज ईशान किशन एक बार फिर से फिसड्डी साबित हुए। वह तीन गेंदों पर केवल 2 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। इसी तरीके से उनका फ्लॉप शो लगातार जारी है। ईशान किशन लगातार अपनी खराब बल्लेबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद की फजीहत कराने में लगे हैं। जिसके चलते उनकी टीम को एक बार फिर से हार का सामना करना पड़ा है।
ईशान किशन ने IPL 2025 के पहले ही मुकाबले में नाबाद 106 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर इस सीजन का आगाज किया था। इसके बाद ऐसा लग रहा था कि ईशान किशन के लिए IPL 2025 खास रहने वाला है। लेकिन दूसरे ही मैच से हालात बदल गए और वह लगातार अपने खराब प्रदर्शन से लोगों को निराश कर रहे हैं। अब तो लोग यह भी कहना शुरू कर चुके हैं कि ईशान किशन पर करोड़ों रुपए खर्च कर सनराइजर्स हैदराबाद ने बड़ी गलती कर दी है।
11.25 करोड़ में SRH ने बनाया था हिस्सा
IPL 2025 के मेगा ऑक्शन के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद में ईशान किशन को 11 करोड़ 25 लाख रुपए की राशि देकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया था, लेकिन पिछले 6 मुकाबलाओं से वह उन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। जिसके चलते उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
ईशान किशन का प्रदर्शन पिछले कुछ मुकाबले में बेहद शर्मनाक रहा है। लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ वह जीरो रन पर आउट हो गए थे। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केवल दो-दो रन ही बना सके थे। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 17 रनों की पारी खेलकर दहाई का आंकड़ा जरूर छुआ लेकिन उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। ईशान किशन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में 9 रन बनाए थे, और अब वह अपनी पुरानी टीम MI के खिलाफ केवल दो रनों पर पेवेलियन लौट गए। जिसके चलते पिछले 6 मैचों में वह केवल 32 रन बना पाए हैं।
पहले थे मुंबई इंडियंस का हिस्सा
बता दें कि ईशान किशन साल 2018 से मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। उन्होंने IPL 2024 तक मुंबई इंडियंस के लिए कुल 89 मुकाबले खेले। जिसमें 2325 रन बनाए हैं। मुंबई इंडियंस के लिए उनका प्रदर्शन अच्छा रहा था, इसी उम्मीद के साथ सनराइजर्स हैदराबाद में उन्हें अपनी टीम से जोड़ा था लेकिन वह अब उसे निराश कर रहे हैं।