IPL 2025 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 12 रनों से शिकस्त दे दी। इस मुकाबले में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपनी टीम के लिए धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने 42 गेंदों पर 2 छक्के और 8 चौके की मदद से 67 रन बनाए। मैच के दौरान फिल साल्ट के आउट होने के बाद देवदत्त पाडिक्कल के साथ मिलकर 91 रनों की बड़ी साझेदारी की। इस दौरान विराट कोहली ने व्यक्तिगत तौर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अपने टी-20 क्रिकेट करियर में 13000 रन पूरे कर लिए हैं। विराट ऐसा करने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले से पहले विराट कोहली 13000 रनों के माइल्ड स्टोन से महज 17 रन दूर थे। लेकिन उन्होंने 67 रन बनाकर 1350 रनों का आंकड़ा छू लिया। ओवरऑल विराट कोहली का यह 403वां टी-20 मुकाबला था, जो उन्होंने टीम इंडिया, दिल्ली और बेंगलुरु के लिए खेला है। हालांकि विराट साल 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। वह अब केवल IPL में टी-20 क्रिकेट खेलते हैं।
लिंक- https://x.com/RCBTweets/status/1909249935230247124
दूर-दूर तक कोई नहीं
13 हजारी बनने वाले विराट के पीछे दूर-दूर तक कोई नहीं है। टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। रोहित शर्मा ने टी-20 फॉर्मेट में 11,851 रन बनाए हैं। अभी वह 12000 रन भी नहीं पूरे कर पाए हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन है। जिन्होंने 10,000 रन के आंकड़े को पार किया है। इसके अलावा कोई दूसरा भारतीय बल्लेबाज 10 हजार रन नहीं बना सका है।
विराट ने अपने टी-20 क्रिकेट करियर में कुल 9 शतक लगाए हैं। जबकि 98 मौके पर उन्होंने 50 के आंकड़े को पार किया है। 13 हजार या उससे अधिक रन बनाने के मामले में विराट कोहली दुनिया के पांचवें बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर कैरेबियन प्लेयर क्रिस गेल हैं, उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 14,552 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर इंग्लिश बल्लेबाज एलेक्स हेल्स (13,610 रन), तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के शोएब मलिक (13,557 रन) और चौथे नंबर पर मुंबई इंडियंस के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी किरॉन पोलार्ड (13,537 रन) हैं।