IPL 2025 के 29वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के विजय रथ को रोक दिया है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस सीजन की शुरुआत के साथ ही विजय के रथ पर सवार थी और वह लगातार 4 मुकाबले में जीत दर्ज कर चुकी थी। लेकिन मुंबई इंडियंस ने उसे 12 रनों से हराकर न सिर्फ अपने हार के सिलसिले को खत्म किया, बल्कि अंकतालिका में भी अपने आपको मजबूती दी। रविवार शाम मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया मुकाबला बेहद शानदार रहा। इस मैच में नोकझोंक से लेकर दोनों टीमों के बीच एक अच्छी रस्साकसी देखने को मिली।

मुकाबले के दौरान एक समय दिल्ली कैपिटल्स के स्टार बल्लेबाज करुण नायर और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बीच एक तीखी नोंकझोंंक होती हुई नजर आई। जिसका मजा मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा लेते हुए नजर आए। उन्होंने अजीब तरीके से रिएक्ट कर दोनों खिलाड़ियों की चुटकी ले ली।

आखिर क्यों भिड़े बुमराह और नायर?

दिल्ली कैपिटल्स की पारी के दौरान मुंबई इंडियंस की तरफ से छठा ओवर जसप्रीत बुमराह डाल रहे थे। इस दौरान करुण नायर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए जसप्रीत बुमराह को दो छक्के और एक चौका जड़ दिया, जिसके चलते उनके ओवर से बल्लेबाज ने 18 रन बटोर लिए। इसी दौरान जसप्रीत बुमराह की आखिरी गेंद पर जब करुण नायर दो रन ले रहे थे तो उनकी बुमराह से टक्कर हो गई। इसके बाद मामला बिगड़ गया, हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज ने सीनियर खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह से तुरंत मांफी मांगी, लेकिन फिर भी पूरी तरीके से बात नहीं बनी।

टाइम आउट के दौरान दोनों खिलाड़ी आपस में बहस करते हुए नजर आए। जिसका कप्तान हार्दिक पांड्या ने आकर बीच बचाव किया। वहीं मैदान पर दूर खड़े रोहित शर्मा इस घटना को देख रहे थे, उन्होंने अपने रिएक्शन से सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

करुण नायर ने मचाया धमाल

मैच के दौरान अपनी टीम के लिए शानदार बल्लेबाजी करते हुए करुण नायर ने महज 22 गेंद पर अर्धशतक जड़ा। इस दौरान उन्होंने 40 गेंद पर 89 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। जिसमें 12 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। शानदार पारी खेलने के बावजूद फिनिशिंग अच्छा न होने के कारण दिल्ली कैपिटल्स इस मुकाबले को जीतने में असफल रही। 19वें ओवर में निचले क्रम के उसके तीन बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन लौटे। यह ओवर जसप्रीत बुमराह ही डाल रहे थे। एक तरीके से उन्होंने बदला ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *